रिपोर्ट नलिन दीक्षित
इंदौर : हाकी इंडिया के तत्वावधान में गत दिवस दिल्ली में सातवें हाकी इंडिया अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया। जिसके तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इसमें हाकी मध्य प्रदेश संगठन की ओर से महासचिव लोकबहादुर को सम्मानित किया गया।
साथ ही मध्य प्रदेश हाकी अकादमी की सात खिलाड़ी और एक कोच को भी राष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिला।
हाकी इंदौर संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष देवकीनंदन सिलावट ने बताया कि यह मध्य प्रदेश के लिए गौरव की बात है। कि कार्यक्रम के दौरान हाकी मध्य प्रदेश संगठन के जरिए देशभर में प्रदेश का मान बढ़ा।
कार्यक्रम में हाकी इंडिया द्वारा वर्ष 2024 की राष्ट्रीय हाकी चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसी के तहत हाकी मध्य प्रदेश संगठन को वर्ष 2024 की राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने एवं पदक जीतने पर सम्मान दिया गया। प्रदेश संगठन की ओर से महासचिव लोकबहादुर ने यह सम्मान प्राप्त किया। हाकी इंडिया द्वारा 10 लाख रुपये नकद पुरस्कार दिया गया। इससे पहले भी वर्ष 2024 की राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा पदक जीतने पर हाकी इंडिया द्वारा नकद पुरस्कार दिया गया था।
प्रदेश में राष्ट्रीय खेल हाकी की सबसे पुरानी नर्सरी कहलाने वाले प्रकाश क्लब के अध्यक्ष और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट, मप्र ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष रमेश मेंदोला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओम सोनी, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मीररंजन नेगी और एनआइएस कोच अशोक यादव ने मप्र हाकी की उपलब्धि पर सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की बेटियां भी सम्मानित हुईं।
राज्य महिला हाकी एकेडमी ग्वालियर की एकेडमी की सात खिलाड़ियों समेत एक सहायक कोच को नगद राशि से सम्मानित किया गया। जिनमें भारतीय जूनियर टीम की सदस्य ज्योति सिंह, शिलिमा चानू, अदिति माहेश्वरी, भारतीय सीनियर टीम की सदस्य इशिका चौधरी, सुशीला चानू, के.बिछू, प्रीती दुबे और सहायक कोच नेहा रावत शामिल हैं। सुशीला, बिछू और प्रीति एकेडमी की पूर्व सदस्य हैं।