रिपोर्ट नलिन दीक्षित
इंदौर। अपने खेल से शहर और प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को 29 अक्टूबर को डॉ. अंचल सिलावट की स्मृति सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।
हॉकी इंदौर संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष देवकीनंदन सिलावट ने बताया कि पूर्व बीएमओ देपालपुर स्व. डॉ. अंचल सिलावट की स्मृति में स्थापित इस पुरस्कार के तहत उन खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाता है, जिन्होंने विषम परिस्थितियों के बीच अपने खेल की चमक बिखेरी है। ऐसे खिलाड़ियों को खेल की तमाम सामग्री व उपहार दिए जाते हैं। आगामी 29 अक्टूबर को 14वीं पुण्यतिथि पर डेली कालेज के सामने स्थित प्रकाश हॉकी क्लब के अभ्यास स्थल पर सुबह 9 बजे कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान सीबीएसई वेस्ट जोन हॉकी टूर्नामेंट जीतने वाली आइएटीवी एजुकेशनल एकेडमी की महिला खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र की इन बेटियों ने देश की दिग्गज टीमों को हराते हुए ट्राफी जीतकर प्रदेश को सम्मान दिलाया था। साथ ही शहर के प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ियों को भी खेल सामग्री वितरित की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान चक दे इंडिया फेम पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मीररंजन नेगी, एनआइएस कोच अशोक यादव और सरवर खान सहित शहर के गणमान्य नागरिक बतौर अतिथि मौजूद रहेंगे।