30 साल से अधिक उम्र के नागरिकों की होगी नि:शुल्क स्क्रीनिंग और किया जायेगा उपचार
असंचारी रोगों की स्क्रीनिंग के लिए निरोगी काया अभियान की शुरुआत गत 20 फरवरी से की गई। आगामी 31 मार्च तक चलने वाले इस विशेष अभियान में 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं नॉन अल्कोहलिक फैटी लीवर डिजीज स्क्रीनिंग की जाएगी तथा पीड़ित पाए जाने पर नि:शुल्क उपचार दिया जाएगा।
निर्देश दिए गए है कि अभियान हेतु लक्षित शत – प्रतिशत नागरिकों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाए। अभियान के शत – प्रतिशत लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए राज्य, जिला और विकासखंड स्तरीय अधिकारियों द्वारा संस्थाओं और फील्ड पर जाकर समीक्षा की जा रही है। अभियान के तहत असंचारी रोग स्क्रीनिंग के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक पर जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। हितग्राहियों की जांच और उपचार की रिपोर्ट एन सी डी पोर्टल में दर्ज की जा रही है।
रोगों की पहचान होने पर त्वरित रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, सिविल अस्पतालों अथवा जिला चिकित्सालय में उपचार प्रारंभ किया जाएगा। नए मरीजों की पहचान के लिए आशा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर सीबैक फॉर्म में जानकारी इकट्ठे की जा रही है।
सीबैक फॉर्म से प्राप्त जानकारी के आधार पर असंचारी रोग स्क्रीनिंग एवं पंजीयन किया जाएगा। निरोगी काया अभियान के दौरान स्क्रीनिंग के साथ-साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए विभिन्न बीमारियों के लक्षण, उससे बचाव एवं उपचार के संबंध में जानकारी दी जायेगी। इसके साथ ही लोगों को संतुलित आहार, बेहतर खानपान,
नियमित योग, प्राणायाम तथा व्यायाम करने की सलाह भी दी जाएगी। डायबिटीज, उच्च रक्तचाप साइलेंट किलर बीमारियां मानी जाती हैं। इसलिए इनकी नियमित जांच बेहद जरूरी है।
इस अभियान में नॉन एल्कोहोलिक फैटी लीवर डिजीज की स्क्रीनिंग को भी शामिल किया गया है। परिवार के सदस्यों में पूर्व में इन बीमारियों के होने पर अपनी जांच अवश्य करवाई जानी चाहिए।
अभियान के लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का उन्मुखीकरण, लॉजिस्टिक एवं दवाइयां उपलब्ध करवा दी गईं है। मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा अभियान की जानकारी देकर लोगों की जांच करवाई जा रही है। जिन लोगों की स्क्रीनिंग हो चुकी है, उनकी रिस्क्रीनिंग करवाई जा रही है। जांचें और दवाइयां विभाग द्वारा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।