सभी शासकीय स्कूलों में मनाया जायेगा पहले दिन प्रवेशोत्सव
राज्य शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इंदौर जिले में आगामी 1 अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होगा। सभी शासकीय विद्यालयों में पहले दिन प्रवेशोत्सव मनाया जायेगा।
स्कूल आने वाले विद्यार्थियों का स्वागत-सत्कार किया जायेगा। नये शैक्षणिक सत्र के लिए सभी जरूरी तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है।
कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने निर्देश दिये है कि नये शैक्षणिक सत्र के लिए कक्षा पहली से कक्षा 7वीं में अध्ययनरत समस्त विद्यार्थियों का कक्षा दूसरी से कक्षा 8वीं में एवं कक्षा 8वीं से कक्षा 11वीं तक अध्ययनरत समस्त विद्यार्थियों का कक्षा 9वीं से 12वीं तक में शत-प्रतिशत नामांकन की कार्यवाही 25 मार्च तक पूरी कर ली जाये। प्रत्येक विद्यालय स्तर पर गृह सम्पर्क अभियान चलाया जायें।
इस अभियान में शाला त्यागी बच्चों को चिन्हित कर उनका स्कूलों में प्रवेश सुनिश्चित कराया जाये। स्कूल प्रारंभ होते ही विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकों का नि:शुल्क वितरण किया जाये। शाला प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की जाये। कक्षा संचालन के दौरान विद्यार्थियों की दक्षता में वृद्धि के प्रयास किये जाये।
जॉयफुल लर्निंग के माध्यम से पढ़ाना सुनिश्चित किया जाये। ग्रीष्म अवकाश के दौरान स्थानीय, विषयगत एवं कौशल विकास के प्रोजेक्ट कार्य चिन्हित करते हुए विद्यार्थियों को दिये जाये। समय सारणी का विशेष ध्यान रखा जाये। निर्धारित पाठ्यक्रमों के अनुसार बच्चों की पढ़ाई शुरू की जाये।
शाला प्रारंभ होने के दिन 1 अप्रैल को विद्यालय में प्रवेश लेने वाले नये विद्यार्थियों का स्वागत-सत्कार किया जाये। वरिष्ठ छात्रों से कनिष्ठ छात्रों का स्वागत कराया जाये। प्रवेशोत्सव के दिन विशेष मध्यम भोजन कराया जाये।