रिपोर्ट : सृष्टि त्रिपाठी
इंदौर, प्रदेश में राष्ट्रीय खेल हॉकी की सबसे पुरानी नर्सरी कहलाने वाले प्रकाश हॉकी क्लब ने स्थापना के 85वें वर्ष में प्रवेश किया। इस दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट को सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पुन: क्लब का अध्यक्ष मनोनीत किया।
क्लब सचिव देवकीनंदन सिलावट ने बताया कि मंत्री सिलावट बीते चार दशक से क्लब प्रमुख की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। सदस्यों ने उन्हें पुन: यह जिम्मेदारी सौंपी है और अगले कुछ दिनों में वे अपनी नवीन कार्यकारिणी का गठन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान क्लब की वैशाली सोलंकी को डिप्टी कलेक्टर बनने कर सम्मानित किया गया। वैशाली के पिता चुन्नीलाल सेंट्रल एक्साइज विभाग में दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्यरत हैं।
रूस से प्रथम प्रयास में ही एमबीबीएस की परीक्षा पास करने वाले शादाब खान को भी सम्मानित किया गया। इनके अलावा वर्षभर विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले क्लब के खिलाड़ी व कोच अशोक यादव भी सम्मानित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री तुलसीराम सिलावट, शिवनारायण यादव, विनीता नेगी, डा. मंदाकिनी सिलावट, सरवर खान थे।
अतिथियों का स्वागत एनआइएस कोच डा. रफीक खान, एनआइएस कोच शैलेंद्र वर्मा, बालकिशन रायकवार, हलीम खान, प्रेम प्रजापत, चंकी कुमावत, डा. वहाब, रामराज यादव, अक्षय यादव, हर्षदीप कपूर ने किया। कार्यक्रम का संचालन प्रथमेशराजे सिलावट ने किया। आभार हलीम खान ने माना।