ज्ञान की अलख भी जगा रही महिला समूह सदस्य
इंदौर, 15 अप्रैल 2025
ज्ञान दान अभियान अंतर्गत इंदौर जिले में मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अन्तर्गत गठित स्व-सहायता समूहों के परिसंघों द्वारा आज ग्राम स्तर पर पुस्तकालय का शुभारंभ किया गया। इस पुस्तकालय का नाम आजीविका ज्ञान केन्द्र रखा गया है। आजीविका ज्ञान केन्द्र का मुख्य उद्देश्य ग्राम स्तर पर आकांक्षी युवाओं को प्रतियोगी परिक्षाओं की तैयारी हेतु ग्राम स्तर पर नि:शुल्क पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध कराना है। उपरोक्त केंद्र पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे आकांक्षी युवाओं व विद्यालयों में अध्यनरत छात्र/छात्राओं हेतु प्रतियोगी परीक्षाओं की नवीनतम पुस्तकें,रोजगार समाचार पत्र, सामान्य ज्ञान की पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी। वर्तमान में उक्त आजीविका ज्ञान केंद्र का शुभारम्भ जनपद देपालुपर के ग्राम गौतमपुरा व इन्दौर जनपद अन्तर्गत ग्राम तिल्लोर खुर्द में समूह की महिलाओं द्वारा किया गया है। उक्त आजीविका ज्ञान केन्द्र का संचालन ग्राम की समूह की सर्वाधिक शिक्षित सदस्यों द्वारा किया जायेगा। आजीविका ज्ञान केन्द्र पूर्ण रूप से दान की गयी पुस्तकों व सामग्री के माध्यम से संचालित किया जायेगा। उक्त आजीविका केन्द्रों हेतु स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों, समूह की महिलाओं, बेन्कर्स व आमजन द्वारा पुस्तकें,आवश्यक सामग्री व सहायता राशि उपलब्ध करायी जा रही है।
मुख्य कार्यपालन आधिकारी जिला पंचायत श्री सिद्धार्थ जैन ने बताया कि ग्रामीण आजीविका मिशन से जुडकर समूह सदस्यों द्वारा अपनी छोटी-छोटी बचत व समूह ऋण के माध्यम से अपना रोजगार व आजीविका संवर्धन गतिविधियां तो कर ही रही है, साथ ही अपने ग्राम के युवाओं हेतु सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए आजीविका ज्ञान केंद्र के माध्यम से शिक्षा व ज्ञान की नवीन अलख जगा रही है। भविष्य में इस तरह के आजीविका ज्ञान केंद्र अन्य ग्रामों में भी जनसहयोग से प्रारम्भ किये जायेंगे। आज जिले में दोनों केन्द्रों का उद्घाटन आजीविका मिशन की समूह सदस्यों व स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया।
आजीविका ज्ञान केन्द्र का शुभारम्भ – आकांक्षी युवाओं को ग्राम में ही उपलब्ध होंगे प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें

Leave a comment
Leave a comment