रिपोर्ट : सृष्टि त्रिपाठी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज खरगोन जिले के मंडलेश्वर में श्री माधव आश्रम गौशाला पहुंचकर गौ-पूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गौ-पूजन कर गौ माता को गुड़ के लड्डू और गौ ग्रास खिलाया। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने 26.93 लाख रुपए लागत से निर्मित होने वाले बायोगैस संयंत्र का भूमिपूजन किया।
गुजरात के आनंद में स्थित राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के माध्यम से 40 क्यू मीटर का बायोगैस संयंत्र स्थापित किया जा रहा है, जिससे उच्च गुणवत्ता की जैविक तरल व जैविक खाद प्राप्त होगी। श्री माधव आश्रम न्यास सचिव श्री अमित जोशी ने बताया कि यह गौशाला 2012 से संचालित की जा रही है।
इस गौशाला में वर्तमान में 177 गौवंश हैं। इस गौशाला का संचालन समाज सेवियों द्वारा किया जाता है। इस गौशाला में वर्ष 2024 से निमाड़ी गाय की नस्ल को सुधारने के लिए केंद्र विकसित किया गया है। इस प्रशिक्षण केंद्र में ग्रामीण कृषकों को गौवंश के सुधार के लिए प्रशिक्षण दिया जाता है।
उन्होंने बताया कि गौशाला में पंचगव्य से उत्पादों का निर्माण और गौ आधारित खेती करने का प्रशिक्षण भी दिया जाता है। गौशाला में जैविक खाद निर्माण एवं गोबर प्रबंधन के लिए मॉडल स्वरूप बायोगैस संयंत्र की भी स्थापना की जा रही है।
गौशाला में गौवंश के लिए म्यूजिक सिस्टम स्थापित कर प्रयोग किया जा रहा है जिससे की उनके स्वास्थ्य में आने वाले परिवर्तन को देखा जा सके।यह म्यूजिक सुबह 5 बजे से 6:30 बजे तक तथा शाम को 6:30 से 8 तक गौवंश को सुनाया जाता है।