रिपोर्ट नलिन दीक्षित
छत्तीसगढ़ में संपन्न हुए नगरीय निकाय चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं, जिनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। प्रदेश के सभी 10 नगर निगमों में भाजपा ने अपना परचम लहराया, वहीं 49 नगरपालिकाओं में से 36 पर पार्टी ने विजय हासिल की। कांग्रेस को मात्र 8 सीटों पर सफलता मिली, जबकि 5 सीटें अन्य दलों के खाते में गईं। इसी तरह, 114 नगर पंचायतों में भाजपा का दबदबा रहा, जहां 84 नगर पंचायतों में पार्टी ने जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को 20 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा। बाकी सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी और अन्य दलों ने जीत दर्ज की।
भाजपा की जीत पर जेपी नड्डा का संदेश
चुनावी नतीजों के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रदेश प्रमुख किरण सिंह देव को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा की शानदार विजय पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और सभी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई। यह ऐतिहासिक विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाई जा रही जन-कल्याणकारी और जनजातीय-हितैषी योजनाओं पर प्रदेशवासियों के अटूट विश्वास का प्रतीक है।